उधमसिंह नगर: विजिलेंस टीम ने आज बाजपुर तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो मोहन सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी तहसील में नाम दर्ज करने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
जानकारी के अनुसार, सतर्कता अधिष्ठान के टोल-फ्री नंबर 1064 पर एक व्यक्ति ने रजिस्ट्रार कानूनगो मोहन सिंह के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका भूमि विवाद न्यायालय में लंबित था और कमिश्नर कुमाऊं ने उसके पक्ष में निर्णय लिया था। कमिश्नर के आदेश के बाद, जब वह तहसील कार्यालय में नाम दर्ज करने के लिए गया, तो रजिस्ट्रार मोहन सिंह ने इसके लिए ₹3500 की रिश्वत मांगी।

बाजपुर तहसील से किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद, विजिलेंस की ट्रैप टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच में रजिस्ट्रार के खिलाफ की गई शिकायत सही साबित हुई। मंगलवार, 11 मार्च 2025 को तहसील बाजपुर में मोहन सिंह को ₹3500 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, और फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। डॉ. मुरूगेशन ने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने और भ्रष्टाचार की सूचना टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर देने की अपील की।